बजट चर्चा के बीच गरमाया विधानसभा सत्र, विपक्ष का हंगामा और कांग्रेस का घेराव।

बजट चर्चा के बीच गरमाया विधानसभा सत्र, विपक्ष का हंगामा और कांग्रेस का घेराव।
Spread the love

गैरसैंण/भराड़ीसैंड– भराड़ीसैंण, गैरसैंण में चल रहे उत्तराखंड विधानसभा सत्र के दूसरे दिन सदन में बजट पेश होने के बाद बजट पर चर्चा का दौर जारी रहा। इस दौरान सदन में कई अहम मुद्दे और अध्यादेश चर्चा का विषय बने। एक ओर जहां कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया, वहीं सत्ता पक्ष के कुछ विधायक भी अपनी ही सरकार से जवाब मांगते नजर आए। इसी बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विधानसभा घेराव का प्रयास भी किया, जहां पुलिस के साथ तीखी बहस देखने को मिली।

उत्तराखंड विधानसभा सत्र के दूसरे दिन भराड़ीसैंण में राजनीतिक माहौल काफी गरमाया रहा। वित्त वर्ष 2026–27 का बजट पेश होने के बाद सदन में बजट पर चर्चा जारी रही और कई अहम मुद्दों पर भी बहस हुई।

सत्र के दौरान विपक्ष ने सरकार को घेरने की कोशिश की। कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने सुबह करीब 11 बजे सदन में कड़ा विरोध दर्ज कराया और विभिन्न जनहित के मुद्दों को उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा।

वहीं सत्ता पक्ष के कुछ विधायक भी अपनी ही सरकार से सवाल करते नजर आए। वन विभाग से जुड़े मामलों को लेकर वन संरक्षण अधिनियम 1980 के तहत वन विभाग में हुए तबादलों का मुद्दा सदन में उठा, जिस पर सत्ता पक्ष के एक विधायक ने सरकार के मंत्री से स्पष्टीकरण मांगा।

इधर सदन के बाहर भी कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विधानसभा घेराव का आवाहन किया और गैरसैंण में प्रदर्शन किया।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विधानसभा की ओर बढ़ने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया, जिसके चलते पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी बहस और नोकझोंक भी देखने को मिली।

विधानसभा सत्र के दूसरे दिन सदन के अंदर और बाहर दोनों जगह राजनीतिक सरगर्मी तेज रही और आने वाले दिनों में भी सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

Rupesh Negi

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *