कश्मीरी किशोरों पर सांप्रदायिक हमला, लोहे की रॉड से पीटा गया, एक की हालत गंभीर।
देहरादून: राजधानी देहरादून से एक चौंकाने वाला जातिवाद और सांप्रदायिक हिंसा का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, दो नाबालिग कश्मीरी युवकों को उनके नाम और पहचान पूछने के बाद लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा गया। जानकारी के मुताबिक, दोनों किशोर विकासनगर थाना क्षेत्र में स्थित एक दुकान से चिप्स लेने गए थे। उनकी भाषा और पहनावे को देखकर दुकान के पास बैठे कुछ स्थानीय युवकों ने उनसे सवाल-जवाब शुरू कर दिया। जब किशोरों ने बताया कि वे कश्मीर के रहने वाले हैं, तो पहले से चल रहे विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। स्थानीय युवकों ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले का हवाला देते हुए दोनों पर हमला कर दिया। हमले में एक किशोर की हालत नाजुक हो गई है। उन्हें स्थानीय अस्पताल से दून अस्पताल रेफर किया गया। इस दौरान उनके हाथ में फ्रैक्चर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
जम्मू एंड कश्मीर स्टूडेंट एसोसिएशन (JKSA) ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने किशोर की पहचान जानने के बाद उन्हें लोहे की रॉड से भी मारा, जिससे उनका सिर से खून बह गया और शरीर पर कई जगह चोटें आईं। संगठन ने इसे सांप्रदायिक प्रोफाइलिंग और भीड़ द्वारा हिंसा का मामला बताया। संगठन का कहना है कि इस तरह के घटनाक्रम उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहे हैं और मुख्यमंत्री को इसमें संज्ञान लेकर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रोविजन स्टोर के मालिक संजय यादव और एक अन्य आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। SSP देहरादून अजय सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं BNS 117(2) और BNS 352 के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। संजय यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

