मुख्यमंत्री धामी ने किया कैंचीधाम बाईपास का स्थलीय निरीक्षण, यात्रा सीजन से पूर्व कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश।

मुख्यमंत्री धामी ने किया कैंचीधाम बाईपास का स्थलीय निरीक्षण, यात्रा सीजन से पूर्व कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश।
Spread the love

नैनीताल– मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नैनीताल भ्रमण के दौरान बहुप्रतीक्षित कैंचीधाम बाईपास (सैनिटोरियम–रातीघाट) परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी यात्रा एवं पर्यटन सीजन से पहले बाईपास मार्ग को पूर्ण कर यातायात के लिए खोलना सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध श्री कैंचीधाम मंदिर में देश-विदेश से श्रद्धालुओं का निरंतर आगमन होता है। ऐसे में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुचारु, सुरक्षित और सुविधाजनक यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से कैंचीधाम बाईपास का निर्माण कार्य तेज़ी से कराया जा रहा है, जिससे वर्षों से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या का स्थायी समाधान होगा। 18.15 किमी लंबे बाईपास से मिलेगी बड़ी राहत लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू ने बताया कि 18.15 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित बाईपास मार्ग में से 8 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कर हॉटमिक्स किया जा चुका है, जिस पर लगभग 12 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय की गई है। शेष 10.15 किलोमीटर मार्ग में पहाड़ कटिंग का कार्य 5 करोड़ 6 लाख रुपये की लागत से पूरा किया जा चुका है।वर्तमान में इस खंड में 9 करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से कलमठ निर्माण, सुरक्षा दीवारें एवं अन्य आवश्यक कार्य तेजी और गुणवत्ता के साथ किए जा रहे हैं।  परियोजना के अंतर्गत बाईपास को रातीघाट स्थित अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए 74.15 मीटर स्पान के मोटर पुल का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए शासन से 9 करोड़ 63 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है और पुल निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस बाईपास के पूरा होने से कैंचीधाम में लगने वाले जाम से स्थायी राहत मिलेगी, साथ ही पहाड़ी जनपदों की ओर जाने वाले यात्रियों को एक वैकल्पिक, सुगम और सुरक्षित मार्ग उपलब्ध होगा।  निरीक्षण के उपरांत मुख्यमंत्री ने 9 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से निर्मित सैनिटोरियम–अल्मोड़ा मार्ग भवाली बाईपास सड़क एवं इसी मार्ग पर शिप्रा नदी पर बने 30 मीटर स्पान के डबल लेन मोटर पुल का भी निरीक्षण किया।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस बाईपास के चालू होने से भवाली बाजार में वर्षों से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिलेगी और पर्यटन सीजन में यात्रियों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की तथा उनके कल्याण और सुरक्षा से संबंधित आवश्यक निर्देश भी दिए।

इसके बाद मुख्यमंत्री धामी ने बर्फबारी देखने पहुंचे देश के विभिन्न राज्यों से आए पर्यटकों से भी बातचीत की। पर्यटकों ने उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, बेहतर व्यवस्थाओं और सुरक्षित वातावरण की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्हें यहां किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई है और वे भविष्य में भी उत्तराखंड आना चाहेंगे।

Rupesh Negi

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *