चार धाम यात्रा से पहले GMVN ने सुविधाओं को लेकर कसी कमर, गेस्ट हाउस मरम्मत पर किया विशेष फोकस।
देहरादून– चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने में गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) इस वर्ष भी अहम भूमिका निभा रहा है। यात्रियों को बेहतर ठहराव और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निगम ने चारधाम मार्ग पर स्थित गेस्ट हाउसों और रेस्ट हाउसों की मरम्मत एवं सुधार कार्यों को प्राथमिकता में रखा है।
पिछले वर्ष GMVN द्वारा कई गेस्ट हाउसों में व्यापक मरम्मत कार्य कराए गए थे। वहीं इस वर्ष शेष बचे गेस्ट हाउसों के साथ-साथ आपदा से प्रभावित भवनों की मरम्मत पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त की जा सकें।
GMVN के प्रबंध निदेशक विशाल विशाल ने बताया कि संबंधित अधिकारियों और टीमों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जिन गेस्ट हाउसों की मरम्मत अब तक लंबित है या जो पूर्व की आपदाओं में क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके प्रस्ताव तत्काल तैयार किए जाएं। लक्ष्य है कि निर्धारित समयसीमा से पहले सभी आवश्यक सुधार कार्य पूर्ण कर लिए जाएं।
हाल ही में गढ़वाल आयुक्त द्वारा आयोजित समीक्षा बैठक में भी चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। आयुक्त महोदय ने स्पष्ट रूप से कहा कि चारधाम मार्ग पर तैनात किए जाने वाले स्टाफ की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ सभी गेस्ट हाउस और रेस्ट हाउसों की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य समय पर पूरा होना चाहिए।
इन निर्देशों के अनुरूप GMVN की पूरी टीम पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य में जुटी हुई है। निगम का स्पष्ट लक्ष्य है कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक ठहराव की व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।

