लैंसडाउन कैंटोनमेंट बोर्ड अस्पताल को रक्षा मंत्री उत्कृष्ट लोक सेवा पुरस्कार से नवाजा ।

लैंसडाउन कैंटोनमेंट बोर्ड अस्पताल को रक्षा मंत्री उत्कृष्ट लोक सेवा पुरस्कार से नवाजा ।
Spread the love

देहरादून– लैंसडाउन कैंटोनमेंट बोर्ड ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अस्पताल श्रेणी (कैटेगरी-B)में रक्षा मंत्री उत्कृष्ट लोक सेवा पुरस्कार 2025 पहली बार प्राप्त किया है। यह सम्मान भौगोलिक रूप से दुर्गम क्षेत्र में नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए किए गए उत्कृष्ट प्रयासों के लिए प्रदान किया गया है।

यह पुरस्कार रक्षा संपदा महानिदेशालय के 100 सालों की गौरवशाली सेवा के उपलक्ष्य में आयोजित डिफेंस एस्टेट्स डे 2025 समारोह के दौरान चाणक्य ऑडिटोरियम,रक्षा संपदा भवन, दिल्ली कैंटोनमेंट में प्रदान किया गया। समारोह की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की। अपने संबोधन में उन्होंने रक्षा संपदा संगठन को पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही का उत्कृष्ट उदाहरण बताया, जो विकसित भारत@2047 के राष्ट्रीय दृष्टिकोण को साकार करने के लिए जरूरत मूल मूल्य है।

रक्षामंत्री उत्कृष्ट लोक सेवा पुरस्कार रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा कैंटोनमेंट बोर्ड लैंसडाउन के मुख्य अधिशासी अधिकारी मौ. साकिब आलम को प्रदान किया गया। इस अवसर पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ, रक्षा सचिव, डीआरडीओ के अध्यक्ष, वित्तीय सलाहकार सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

यह पुरस्कार कैंटोनमेंट जनरल हॉस्पिटल लैंसडाउन में किए गए महत्वपूर्ण सुधारों के लिए प्रदान किया गया है, जो एक विस्तृत क्षेत्र में एकमात्र इनडोर अस्पताल के रूप में कार्यरत है। अस्पताल में सामान्य इनडोर उपचार, सक्रिय आयुर्वेदिक विभाग, दंत चिकित्सा सेवाएं, फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास, आधुनिक पैथोलॉजी एवं एक्स-रे सुविधाएं तथा निवारक स्वास्थ्य शिविरों और वरिष्ठ नागरिक देखभाल जैसी सामुदायिक सेवाएं उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त, नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए एक माइनर ऑपरेशन थिएटर का विकास कार्य भी प्रगति पर है।

विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच को और सुदृढ़ करने के लिए अस्पताल में कैंटोनमेंट जनरल हॉस्पिटल, दिल्ली के सहयोग से टेलीमेडिसिन सुविधा भी शुरुआत की गई है। इसके माध्यम से लैंसडाउन के नागरिकों को कार्डियोलॉजी,ईएनटी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, प्रसूति एवं स्त्री रोग, बाल रोग, मनोचिकित्सा सहित अन्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध करायी जा रही हैं।

समारोह के दौरान मुख्य अधिशासी अधिकारी मौ. साकिब आलम ने रक्षा मंत्री से संवाद करते हुए उन्हें रक्षा संपदा संगठन द्वारा देश भर में संचालित 75 स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से प्रदान की जा रही महत्वपूर्ण चिकित्सा सेवाओं की जानकारी दीं। इनमें डायलिसिस, कैथ लैब, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी सेवाएं, सीटी स्कैन सुविधाएं तथा टेलीमेडिसिन जैसी उन्नत चिकित्सा सेवाएं शामिल हैं।

यह प्रतिष्ठित सम्मान कैंटोनमेंट बोर्ड लैंसडाउन के प्रशासन एवं स्वास्थ्य कर्मियों की सामूहिक प्रतिबद्धता और समर्पण को दर्शाता है, जो राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप नागरिकों को सुलभ, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।

लैंसडाउन कैंटोनमेंट बोर्ड उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित एक स्थानीय स्वशासी निकाय है। छावनी क्षेत्र के नागरिकों को स्वच्छता, पानी, चिकित्सा, शिक्षा और सड़क रख-रखाव जैसी नागरिक सुविधाएं प्रदान करता है। इसका प्रबंधन रक्षा मंत्रालय के तहत होता है और वर्तमान में ब्रिगेडियर वी.एस. नेगी इसके अध्यक्ष हैं। कैंटोनमेंट बोर्ड लैंसडाउन की स्थापना 1887 में एक छावनी के रूप में की गई थी। इसका नाम तत्कालीन वायसराय लॉर्ड लैंसडाउन के नाम पर रखा गया था। यह पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित एक लोकप्रिय हिल स्टेशन है, जो गढ़वाल राइफल्स का मुख्यालय भी है। कैंटोनमेंट बोर्ड लैंसडाउन एक सैन्य छावनी क्षेत्र के नागरिकों के जीवन को सुगम और सुलभ बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक इकाई है।

Rupesh Negi

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *