GRD स्कूल मे बाल आयोग का छापा, मिली कई खामियां, कार्यवाही के दिए निर्देश।
देहरादून– प्रेमनगर केहरी गांव स्थित जीआरडी स्कूल के खिलाफ आयी शिकायत पर मंगलवार को उत्तराखंड बाल अधिकार सरंक्षण आयोग की अध्यक्ष डा. गीता खन्ना की अगुवाई में आयोग के सचिव डा. शिव कुमार बरनवाल, अनुसचिव डा. सतीश कुमार सिंह ने स्कूल का औचक निरीक्षण किया। आयोग की टीम को स्कूल में कई खामियां मिली।
आयोग की टीम ने पाया कि विद्यालय के बडे कैंपस में थोड़ी सी कक्षाएं संचालित हैं। वहां कुछ बच्चे बैठे हुए मिले। विद्यालय में चार वर्ष का एक बालक शब्दावली लिखता हुआ मिला, इससे आयोग की टीम ने पाया कि विद्यालय के स्तर पर नई शिक्षा नीति का पालन नहीं किया जा रहा है। आयोग की टीम ने ये भी पाया कि प्ले ग्रुप में जो शिक्षक हैं, उन शिक्षकों के शैक्षिक प्रमाण नहीं मिले। प्रधानाचार्य का काम सामान्य कक्षों की भांति दिखा, जिसमें मात्र छह रजिस्टरों के अलावा ओपन यूनिवर्सिटी के कागज रखे हुए थे। विद्यालय संचालन से संबंधित किसी भी प्रकार के दस्तावेज विद्यालय के स्तर प्रस्तुत नहीं जा सके।
आयोग अध्यक्ष ने बताया कि विद्यालय मान्यता के सम्बन्ध में एक दस्तावेज प्रस्तुत किया गया, जिसमें विद्यालय को कक्षा छह तक विद्यालय संचालन की अनुमति प्राप्त है, लेकिन स्कूल कक्षा सात तक संचालित किया जा रहा है। विद्यालय प्रबन्धन ने उन्हें ये बताया कि विद्यालय कक्षा आठ तक मान्यता प्राप्त है, इसके कोई दस्तावेज निरीक्षण टीम के समक्ष प्रस्तुत नहीं किए।
गीता खन्ना ने बताया कि विद्यालय कैंपस में बिना किसी विभाजन व दीवार के एक डिग्री कॉलेज का संचालन किया जा रहा है, जिसका आयोग के क्षेत्राधिकार से बाहर होने के कारण निरीक्षण नहीं किया गया, किन्तु यह एक सोचनीय विषय है कि एक डिग्री कॉलेज कैम्पस के भीतर विद्यालय किस प्रकार व किसकी अनुमति से संचालित किया जा रहा है। विद्यालय के संस्थापक पूर्व में बाल अत्याचार व अंत्यंत क्रूर व्यवहार के कारण जेल जा चुकी है। तब स्कूल को भी बन्द कर दिया गया था।
बताया कि इस विद्यालय में बच्चों के लिए खेलकूद का मैदान है, जिसमें काई जमा है व फिसलन हो रखी है, जिससे किसी भी बच्चों के फिसलने के कारण चोटिल होने की आशंका बनी हुई है। मैदान में कई फलदार वृक्ष दिखे, जिन्हें काटा गया है, जिसकी सूचना सम्बन्धित मंत्री व विभाग को त्वरित कार्रवाई करने के लिए कह दी है।
वहीं उत्तराखंड बाल अधिकार सरंक्षण आयोग ने विकासनगर ब्लॉक में पूर्व से प्रचलित पत्रावलियों पर सुनवाई की गई। सेंट मैरी कान्वेंट स्कूल के प्रकरण पर आयोग ने पूर्व इस स्कूल को जो निर्देश दिए थे, उनका अनुपालन नहीं किया जा रहा है। ऐसे में आयोग अध्यक्ष ने खंड शिक्षा अधिकारी, विकासनगर को प्रकरणों पर आयोग द्वारा दिये गये निर्देशों का अनुपालन कराते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं राजकीय प्राथमिक विद्यालय बुलाकीवाला में पानी की टंकी एवं शौचालय की जांच को लेकर निर्देश दिए।

