केदारनाथ यात्रा 2025 की तैयारियां तेज़, जायजा लेने पहुंचे केदारनाथ यात्रा प्रभारी सचिव, पंजीकरण केंद्र और श्रद्धालु सुविधाओं का किया निरीक्षण, यात्रा मार्ग में जमी बर्फ शीघ्रातिशीघ्र हटाने के दिए निर्देश।
रुद्रप्रयाग– उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में विशेष महत्व रखने वाली श्री केदारनाथ यात्रा इस वर्ष 2 मई 2025 से आरंभ होने जा रही है। बाबा केदार के दर्शन को लेकर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु हर वर्ष इस यात्रा में सम्मिलित होते हैं। यात्रा को सफल, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए शासन-प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। यात्रा को लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा और प्रगति की जानकारी लेने हेतु संस्कृति एवं भाषा विभाग के सचिव तथा केदारनाथ यात्रा के प्रभारी सचिव युगल किशोर पंत ने केदारनाथ धाम और यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सचिव युगल किशोर पंत केदारनाथ मंदिर परिसर भी पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर के चारों ओर चल रहे पुनर्निर्माण तथा सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं ताकि यात्रा आरंभ होने से पहले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अतिरिक्त उन्होंने मंदिर के आसपास तथा गौरीकुंड से केदारनाथ तक के पैदल मार्ग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को मार्ग पर जमी बर्फ और मंदिर परिसर की बर्फ को शीघ्रातिशीघ्र हटाने के सख्त निर्देश दिए।

जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। पैदल यात्रा मार्ग को सुचारू बनाने के लिए डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA) के कर्मचारी बर्फ हटाने के कार्य में लगे हुए हैं।

तेज़ी से हो रहा बर्फ हटाने का कार्य डीडीएमए के अधिशासी अभियंता विनय झिक्वाण ने बताया कि यात्रा मार्ग पर बर्फ हटाने के लिए 270 मजदूरों को तैनात किया गया है। इनमें से 70 मजदूर छोटी लिनचौली से बड़ी लिनचौली तक बर्फ हटाने का कार्य कर रहे हैं। जबकि 200 मजदूर नए और पुराने ट्रैक पर बर्फ हटाने में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन का लक्ष्य है कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी रास्तों को पूरी तरह से साफ कर दिया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

