मौसम विभाग ने देहरादून समेत 5 जनपदों में बारिश और बर्फबारी का किया अलर्ट जारी।
देहरादून– मौसम विभाग ने देहरादून समेत प्रदेश के 5 जिलों में अगले दो दिन बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान जताया है । कुछ इलाकों में तेज बारिश और बिजली चमकने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को अलर्ट जारी करते हुए बताया की देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। विभाग का कहना है कि ज्यादा ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फ भी गिरने की संभावना है । इसके अलावा हरिद्वार, पौड़ी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ व अल्मोड़ा जनपद में कुछ जगह पर हल्की बारिश होने की उम्मीद है। मौसम विभाग का कहना है कि समुद्र तल से 3200 मीटर ऊंचाई वाले स्थानो पर बर्फ गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी और टिहरी जनपदों में कुछ जगह पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी जताई हैं। येलो अलर्ट में कहा गया है कि चमोली, पिथौरागढ़ जिलों में भी कुछ जगह बिजली चमक सकती है और ओलावृष्टि भी हो सकती है। मंगलवार को देहरादून में दिन भर बादल छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई। दिन का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा था। जबकि न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो की सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रहा।

