खानपुर विधायक उमेश कुमार की महापंचायत में लाठीचार्ज,भीड़ ने किया पुलिस पर पथराव।
हरिद्वार– खानपुर विधायक उमेश कुमार की महापंचायत में लाठीचार्ज।
भीड़ ने किया पुलिस पर पथराव।
लक्सर स्थित उमेश कुमार के कार्यालय पर बुलाई गई थी महापंचायत।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं वीडियो।
भीड़ को उमेश कुमार के कार्यालय पर जाने से रोक रही है पुलिस।
महा पंचायत को देखते हुए सुबह से ही लगाए गए थे बैरिकेट्स।
लक्सर में लाठी चार्ज और पथराव के बाद हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पर पथराव करके कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पथराव करने वाले लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। बता दे कि आज लक्सर में खानपुर विधायक उमेश कुमार द्वारा महापंचायत की घोषणा की गई थी। हालांकि उमेश कुमार ने वीडियो जारी कर महापंचायत को स्थगित करने का आह्वान किया था। बावजूद इसके आज उनके हजारों समर्थक उनके कार्यालय पर पहुंचने लगे। सुरक्षा व्यवस्था को देखकर पुलिस प्रशासन ने बॉर्डर पर बैरिकेडिंग्स लगाकर पुलिस बल तैनात कर दिया था। उमेश कुमार के कार्यालय पर जाने की जिद पर अड़े उनके समर्थकों ने हंगामा कर दिया। पुलिस ने लाठियां फटकार कर हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ दिया। गोवर्धनपुर गांव के पास कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया। जिसके वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि कुछ गाड़ियां सीज की गई हैं और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बाकी लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। कानून व्यवस्था भंग करने वालों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

