चांद, राजीव, मनीष और अफजाल को इस वर्ष का अनूप गैरोला स्मृति सम्मान
उत्तराखंड- देहरादून ‘पत्रकार अनूप गैरोला स्मृति सामाजिक सरोकार सम्मान-2021’ पत्रकार चांद मोहम्मद, मनीष भट्ट, अफ़ज़ाल अहमद पत्रकार व सामाजिक कार्यकर्ता राजीव उनियाल को संयुक्त रूप से प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान हर वर्ष ‘अनूप गैरोला स्मृति समूह’, उत्तरांचल प्रेस क्लब की सहभागिता से प्रदान करता है। समाज सेवा में विशिष्ट योगदान के लिए श्रीगुरू सिंह सभा के पूर्व महासचिव सेवा सिंह मठारू और समाजसेवी व राज्य आंदोलनकारी जयदीप सकलानी को क्रमश: साल-2019 और 2020 में यह सम्मान प्रदान किया गया था। समूह में वरिष्ठ पत्रकार नवीन थलेड़ी, देंवेंद्र सती, संजीव कंडवाल, मनमोहन शर्मा, विनोद पोखरियाल, राजीव थपलियाल, भूपेंद्र कंडारी, रविन्द्र बड़थ्वाल, संजय घिल्डियाल, गौरव मिश्रा, देवेंद्र नेगी और मेरे अतिरिक्त इस वर्ष उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रदीप गुलेरिया व महामंत्री गिरिधर शर्मा शामिल हैं।
चारों को पूरे कोविडकाल में सामाजिक क्षेत्र में किए गए विशिष्ट सेवा कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान करने का निर्णय किया गया। जहां चांद ने कोविड के पहले और दूसरे चरण में अस्पतालों में पत्रकारों के अलावा भी तमाम लोगों की व्यापक सहायता की, वहीं शुरुआती दौर में जब लोग शवों को जलाने या दफनाने नहीं दे रहे थे, तब कई मृतकों का अंतिम संस्कार करवाने में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई। राजीव उनियाल ने कोविडकाल में जरूरतमंदों को खाद्यान्न किट उपलब्ध कराने से लेकर मरीजों के अस्पतालों में भर्ती करवाने तक कई स्तरों पर काम किया। कोविड के दूसरे चरण में जब लोगों को अस्पतालों में बेड नहीं मिल रहे थे, तब बड़ी संख्या में उन्होंने लोगों को विभिन्न अस्पतालों में बेड मुहैया करवाए। अफजाल ने कोविड के दूसरे चरण में ऑक्सीजन प्रबंधन से लेकर खाद्यान्न किट समेत कई तरह से लोगों की मदद की। वहीं, मनीष भट्ट ने लोगों को अस्पतालों में बेड उपलब्ध करवाने, विभिन्न जांचें करवाने से लेकर काफी संख्या में लोगों को ऑक्सीजन और जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध कराने में अहम योगदान दिया।


