मां ने बच्चे को पीट-पीटकर अधमरा किया, वीडियो वायरल पुलिस ने की जांच तो सामने आई वायरल वीडियो की सच्चाई।
देहरादून/रुड़की, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जो झबरेड़ा का बताया गया है। वीडियो में एक महिला अपने 11 वर्षीय पुत्र को बुरी तरह पीटती नजर आ रही है। वीडियो को जिसने भी देखा वो महिला के बारे में सोचने को मजबूर हो गया की कोई माँ भी अपने बच्चे के साथ ऐसा व्याहर कर सकती है और साथ ही पुलिस कार्रवाई की मांग भी कर रहे है जिससे उसको कड़ी से कड़ी सजा मिल सके। मामला पुलिस तक पहुंचा और जांच हुई तो वीडियो की सच्चाई चौंकाने वाली निकली। पुलिस ने मामला चाइल्ड वेलफेयर भी भेज दिया है।
दो मिनट के इस वायरल वीडियो में एक महिला अपने 11 वर्ष के बच्चे को बुरी तरह पीटती दिखाई दे रही है। महिला न सिर्फ उसे बुरी तरह मारती है बल्कि उसकी छाती पर बैठकर उसके सिर को जमीन पर पटकती नजर आ रही है। वीडियो में सुनाई देता है कि चच्चा अपनी मां से बार-बार पानी मांगता है लेकिन महिला पानी देने की बजाय उसके साथ और मारपीट करती दिखती है और वीडियो बना रहे सख्श से कहती सुनाई देती है कि बना वीडियो। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियों झबरेड़ा का होने के साथ लिखा गया है कि महिला कपड़े की दुकान पर काम करती है। उसका नाम, पता भी वीडियो के साथ दिया गया है और झबरेड़ा पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है। वीडियो पुलिस तक पहुंचा तो उन्होंने जांच की गई, जांच में वीडियो की जो सच्चाई सामने आई उसे देखकर पुलिस भी दंग रह गई। झबरेड़ा थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने बताया कि जांच के लिए महिला के घर गए तो पता लगा कि महिला का मायका झबरेड़ा है। उसकी शादी देवबंद निवासी व्यक्ति के साथ हुई थी। अब दोनों अलग-अलग रहते हैं। जब इस मारपीट के बारे में पूछा गया तो पुलिस को पता लगा कि महिला अपने तीन बच्चों के साथ झबरेड़ा में रहती है और अपने पति से खर्च के लिए पैसे चाहती थी, जो कि वह नहीं दे रहा है। इस पर उसने बच्चे को पीटते हुए, वीडियो बनाकर उसे भेज दी। उसने वीडियो अपने 12 वर्षीय बच्चे से बनवाई है और पति को भेज दी। पति ने वीडियो को वायरल कर दिया। पुलिस के अनुसार बच्चों ने भी इस बात की पुष्टि की है।
हरिद्वार एसएसपी ने बताया की वीडियो दो माह पुराना है, जो अब वायरल हो रहा है। महिला ने पति को डराने के लिए बच्चे को पीटने की वीडियो अपने बड़े बेटे से बनवाई है। महिला की काउंसलिंग कराई जाएगी। साथ ही इस मामले में पति की संलिप्तता की जांच की जाएगी।


