मामूली विवाद के बाद अंडे बेचने वाले युवक की हत्या, एक गिरफ्तार।

मामूली विवाद के बाद अंडे बेचने वाले युवक की हत्या, एक गिरफ्तार।
Spread the love

देहरादून/रुड़की–  रुड़की टाकीज चौक पर मामूली विवाद के बाद अंडे बेचने वाले युवक की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की TIF भिजवाया है। वहीं देर रात तक युवक के परिजनों की भीड़ सिविल लाइंस कोतबाली में जुटी रही। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एक नामजद और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और दूसरे आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के अंबर तालाब निवासी युवक आकाश उर्फ शालू पुत्र स्वामी नाथ सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित शताब्दी द्वार के समीप अंडे की रेहड़ी लगाता था। बताया गया है कि मंगलवार देर रात शताब्दी द्वार पर पॉपकार्न की रेहड़ी लगाने वाले का पैसों को लेकर कुछ युवकों से विवाद हो गया। आकाश ने दोनों पक्षों का बीच बचाव कराया। घटना के करीब 2 घंटे बाद जब आकाश अपना काम समाप्त कर अपनी रेहड़ी को लेकर वापस अपने घर की ओर जा रहा था तभी मुख्य आरोपी अभिषेक अपने दो-तीन अन्य साथियों के साथ वोट क्लब रोड से आ रहा था। उसके एक साथी ने बताया कि यह रेहड़ी वाला भी मौके पर था। इतना सुनते ही मुख्य आरोपी ने नजदीकी पान की दूकान पर बाल्टी उठाकर आकाश पर वार करना शुरू कर दिया अचानक हुए हमले से गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। गिरने बाद भी आरोपी लगातार वार करता रहा। आस पास लोगों ने शोर मचाया तो आरोपी साथियो सहित मौके से फरार हो गया।

मृतक के परिजनों ने आरोपी और उसके सभी साथियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मृतक के पिता और भाई का कहना है कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी व फांसी की सजा दी जानी चाहिए उन्होंने बताया की आकाश के एक बच्चा एक साल का है और उसकी पत्नी गर्भवती है उन्हे इंसाफ मिलना चाहिए। वहीं एसपी देहात स्वपन किशोर सिंह का कहना है कि 302 का मुकदमा दर्ज है सभी आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।

घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल कराया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी पाकर मृतक के परिजन और पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे जिसके बाद सभी कोतवाली में एकत्र हो गए। मृतक के पिता ने पुलिस को तहरीर सौंपी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अभिषेक पुत्र महक सिंह निवासी बिंडूखड़क थाना झबरेड़ा समेत एक अज्ञात युवक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपीय अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया। एसएसआई अभिनव शर्मा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Rupesh Negi

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *