आबकारी विभाग से बड़ी खबर, देर रात हुई कार्यवाई, किसी को निलंबित किसी को पद से हटाया गया।
देहरादून– जनपद हरिद्वार में आबकारी आयुक्त उत्तराखण्ड श्री एच० सी० सेमवाल के निर्देश पर की गयी कार्यवाही में दिनांक 19 नवंबर 2023 को विदेशी मदिरा दुकानों में किए गए निरीक्षण एवं जाँच में अनियमितता पायी गयी एवं विशेष रूप से 52 पेटी बगैर होलोग्राम लगी हुई मदिरा बरामद की गई। उक्त प्रकरण में शिथिलता पाए जाने पर निम्न विभागीय अधिकारियों पर कार्यवाही की गई-
1 – जिला आबकारी अधिकारी हरिद्वार को 72 घण्टे के अंदर जवाब देने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
2 – आबकारी निरीक्षक क्षेत्र हरिद्वार श्री संजय सिंह रावत को उक्त प्रकरण में लापरवाही बरतने के लिए तत्काल उनके पद से हटाया गया।
जनपद देहरादून के रायपुर के खलंगा क्षेत्र में दिनांक 20 नवंबर 2023 को मध्य रात्रि में की गयी छापेमारी में चंडीगढ़ की 110 पेटी इम्पोर्टेड शराब अवैध अंग्रेजी शराब बरामद बरामद की गई तथा 4 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई। उक्त प्रकरण में शिथिलता पाए जाने पर निम्न विभागीय अधिकारियों पर कार्यवाही की गई-
1- श्री देवेंद्र गिरी गोस्वामी सहायक आबकारी आयुक्त मण्डलीय प्रवर्तन गढ़वाल मण्डल के निलंबन की संस्तुति शासन को प्रेषित की जा रही है।
2- श्री राजीव सिंह चौहान जिला आबकारी अधिकारी देहरादून ६ सहायक आबकारी आयुक्त जनपदीय प्रवर्तन देहरादून को पद से हटाते हुये कार्यालय आबकारी आयुक्त उत्तराखंड सम्बद्ध किया गया।
3- सुश्री सरोज पाल आबकारी निरीक्षक जनपदीय प्रवर्तन देहरादून को निलंबित किया गया।
4- श्रीमती प्रेरणा बिष्ट आबकारी निरीक्षक ऋषिकेश को सहायक आबकारी आयुक्त जनपदीय प्रवर्तन देहरादून का अतिरिक्त प्रभार दिया गया।
नकली स्टीकर लगाकर अवैध शराब बिक्री करने पर आबकारी विभाग ने कार्रवाई की है। मंगलवार सुबह पांच बजे ऋषिकेश आबकारी टीम ने रायपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 110 पेटी जब्त की। इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी भी की गई है। बरामद की गई शराब की कीमत 25 लाख रुपये बताई गई है।
आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट ने बताया कि रायपुर खलिंगा रोड स्थित सौरभ प्रधान पुत्र अजय सिंह निवासी हर्चावाला नालापानी तपोवन के घर पर अवैध शराब की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर टीम ने पूरी तैयारी के साथ छापेमारी की। मौके से अवैध 110 पेटी अंग्रेजी शराब की बरामद की गई। जब्त की गई शराब इम्पोर्टेड और चंडीगढ़ ब्रांड की है। जिस पर नकली स्टीकर लगाकर बेचा जा रहा था।
मौके से आरोपी शिवम जायसवाल पुत्र नीरज निवासी शाहजहांपुर यूपी सहित दो को आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया। पूछताछ करने पर बताया कि चण्डीगढ़ राज्य से सस्ती शराब लाकर उत्तराखंड देहरादून में ऊंचे दामों पर नकली लेवल लगाकर बिक्री की जा रही थी। टीम में सिपाही अर्जुन सिंह, आशीष प्रकाश और दीपा शामिल रहे।


