बागेश्वर उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास ने किया नामांकन, कांग्रेस से बंसन्त कुमार कल करेंगे नामांकन ।
देहरादून– बागेश्वर विधानसभा उपचुनाव का बिगुल बज गया है।पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय चंदन रामदास की पत्नी पार्वती दास ने आज अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष सुबोध लाल साह, पूर्व जिला अध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट भी मौजूद रहे।
वहीं भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास को भारी मतों से विजय बनाने की लोगों से अपील की। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पूर्व मंत्री स्वर्गीय चंदन राम दास के द्वारा किए गए काम हमेशा याद रहेंगे, उन्होंने ऐतिहासिक काम किए हैं। बागेश्वर की समस्या को लेकर वह सदैव चिंतित रहते थे हमेशा सड़कों की व्यवस्था हो, स्वास्थ्य की समस्या हो या फिर स्कूलों में शिक्षकों की कमी, उसकी चिंता चंदन रामदास हमेशा करते थे। सीएम धामी ने कहा की पार्वती दास को जिताने के लिए बागेश्वर की जनता से वो अपील कर रहे हैं और आने वाले विधानसभा चुनाव में उन्हें अपार सहयोग करते हुए भारी मतों से जनता विजयी बनाएगी।
बागेश्वर सीट पर नामांकन के बाद भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास ने जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय चंदन राम दास के प्रति बागेश्वर विधानसभा की जनता की यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। नामांकन के दौरान पार्वती दास पूरी तरीके से भावुक दिखाई दीं।


