दुःखद -:उत्तराखंड के लाल ITBP के असिस्टेंट कमांडेंट चीन बॉर्डर पर शहीद, पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
देहरादून– एक दुःखद खबर आ रही है देश की सुरक्षा में तैनात उत्तराखंड के एक और वीर सपूत ने अपने प्राणों की आहुति दे दी है. पूर्वी लद्दाख में चीन सीमा पर तैनात टीकम सिंह नेगी एक मिशन के दौरान शहीद हो गए, टीकम सिंह नेगी आईटीबीपी में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर थे।
बताया जा रहा है कि उनका परिवार देहरादून जिले के राजावाला सहसपुर में रहता है। शहिद टिकम सिंह का एक छोटा बेटा भी है, जिसको शायद अभी मालूम भी नही होगा कि उसके साथ इतनी बड़ी घटना हो गई, शहीद की इन दिनों पोस्टिग पूर्वी लद्दाख के नॉर्दन सब सेक्टर में थी। इस समय वो भारत-चीन सीमा चलाए जा रहे एक विशेष मिशन पर तैनात थे। इस मिशन के दौरान ही वह शहीद हो गए है। शहीद के निधन की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है।
शहीद टीकम सिंह नेगी के पिता आरएस नेगी भी सेना से सेवानिवृत्त हैं। जवान बेटे की शहादत की खबर मिलते ही पूरे परिवार में मातम छाया हुआ है। सभी की आंखें नम हैं, उनका पार्थिव शरीर मंगलवार 4 अप्रैल को उनके आवास पर लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के बाद उनका पूरे सैन्य सम्मान के साथ के साथ अंतिम संस्कार किया गया। वह वर्ष 2011 में आईटीबीपी में भर्ती हुए थे। उनका विवाह वर्ष 2018 में टिहरी के चंबा स्थित ग्राम बादशाहीठौर में हुआ था। वह अपने पीछे पिता, पत्नी और 5 साल के बेटे को छोड़ गए हैं।
शहीद टीकम सिंह नेगी की शहादत पर सैनिक कल्याण मंत्री ने जताया दुख, कहा-सरकार करेगी परिवार की हर सम्भव मदद।
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के वीर जवान सहायक सैनानी टिकम सिंह नेगी की शहादत पर प्रदेश के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शोक व्यक्त किया। मंत्री ने दुख की इस घडी में अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी है। मंत्री ने कहा कि सरकार शहीद के परिवार के साथ है और सरकार की ओर से शहीद परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।

